ताखा (इटावा)। बकौली पंचायत के मजरा भौराजपुरा में खेत की जुताई करते समय रविवार को ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। पिता की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक में मामला दर्ज कर लिया गया है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के भौराजपुर निवासी हरिसिंह ने बहन मिथिलेश के बेटे सत्यवीर (14) को गोद लिया था। बहन फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के आमौर की रहने वाली है। हरिसिंह शनिवार शाम चार बजे खेत में उड़द की फसल की बुवाई कर रहे थे। रोटावेटर से ट्रैक्टर चालक खेत की जुताई कर रहा था। इस दौरान सत्यवीर पीछे से ट्रैक्टर पर चढ़ने लगा। गिरने से वह रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। हरीसिंह ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाना ऊसराहार में मामला दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने बताया कि पिता के तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जांच कर कार्यवाही की जाएगी।