इटावा। जिले में आयकर देने वाले 2290 लोगों ने जानकारी छिपाकर किसान सम्मान निधि का लाभ ले लिया। कई किस्तें उनके खातों में पहुंच गईं। आधार कार्ड से पैन नंबर लिंक होने से आयकर रिटर्न का मिलान करते समय गोलमाल पकड़ में आ गया। अब प्रशासन ने किसानों को सम्मान के साथ सम्मान निधि लौटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के आवेदन में किसानों से शपथपत्र लिए गए थे। शपथपत्र में उन्हें खुद पात्रता प्रमाणित करनी थी। इसका लाभ उठाकर बड़ी संख्या में ऐसे लोगों ने आवेदन कर दिया जो आयकर दाता हैं। यानी उनकी वार्षिक आय पांच लाख रुपये से अधिक है। कई पति और पत्नी सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं।
आयकर रिटर्न दाखिल करते समय धोखधड़ी कर सम्मान निधि लेने वाले पकड़ में आ गए। नोटिस जारी करने के बाद 32 लोगों ने सम्मान निधि वापस कर दी है। सम्मान निधि जमा करने के बाद कृषि उपनिदेशक कार्यालय में पोर्टल पर अपडेट भी कराना है। कार्यालय से रसीद दी जाएगी। जिला कृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी कर लाभ लेने वालों पर सख्ती के निर्देश शासन से मिले हैं। नोटिस के बाद भी जिन लोगों ने राशि जमा नहीं की है उन्हें दोबारा नोटिस जारी किए जाएं।