इटावा। ज्येष्ठ माह शुक्लपक्ष की दशमी को मनाए जाने वाले गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने रविवार को यमुना नदी के अलावा नहरों में हर-हर गंगे बोलकर आस्था की डुबकियां लगाई और दान पुण्य किया।
इस मौके पर लोगों ने फलों में तरबूज, खरबूजा और दशहरी आम जमकर खरीदे। शहर में यमुना नदी में मुख्य स्नान घाट से गंदगी की वजह से घाट छोड़ करीब एक किलोमीटर दूर यमुना जी के पानी में लोगों ने स्नान किया और डुबकियां लगाईं।
बकेवर संवाद न्यूज के अनुसार बकेवर, लखना के लोगों ने यमुना और चंबल नदी में आस्था की डुबकी लगाई। जो लोग नदी तक नहीं जा सके उन्होंने भोगनीपुर नहर में डुबकी लगाई।
इसमें बुजुर्ग, महिलाओं से लेकर बच्चे भी शामिल रहे। इस मौके पर लोगों ने बाजार से तरबूज, खरबूजा और दशहरी आम खरीदा। रविवार की सुबह हटिया, पुरावली, डिभौली यमुना नदी के घाट पर पहुंचे लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई।
गंगा दशहरा पर हटिया, पुरावली, डिभौली घाट पर मेले का आयोजन किया जाता रहा है। कोरोना काल की वजह से लगातार दूसरी बार भी मेले का आयोजन नहीं किया जा सका। लखना पुराना नहर पुल, महा सिंह पुल पर भी मेले का आयोजन नहीं हुआ।
जसवंतनगर संवाद न्यूज के अनुसार कचौरा रोड नहर पुल व अन्य स्थानों पर पुलिस प्रशासन की सख्त निगरानी के चलते दूर से ही पूजन दर्शन करने की छूट रही।
नहर पुल के आसपास तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को नहर की कच्ची किनारी की ओर बढ़ने से रोक रहे थे। यहां केवल पूजन सामग्री चढ़ाने की अनुमति थी।
नहर पुल के पास बच्चों के खिलौने व झूले के अलावा खान पान की दुकानें भी लगीं थीं। बलरई नहर पुल, राजपुर, सिरहौल, जगसौरा नहर पुल पर भी इसी तरह पुलिस प्रशासन की सख्ती दिखाई दी।
लवेदी संवाद न्यूज के अनुसार क्षेत्र के टकरुपुर यमुना घाट व लखना भोगनीपुर नहर में लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। यमुना नदी में टकरुपुर घाट, पुरावली हटिया, दिलीपनगर मडै़या व भोगनीपुर नहर में लखना, चंद्रपुरा निहाल सिंह, जैतपुरा, दुर्गापुरा, मानपुरा में लोगों ने सुबह डुबकी लगाकर पूजा अर्चना की।
गंगा दशहरा पर्व पर यमुना नदी किनारे पूजा करते श्रद्घालु- फोटो : ETAWAH