भरथना। इटावा की ओर से डाउन ट्रैक पर कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के भरथना स्टेशन के निकट अचानक एकडिब्बे के ब्रेक जाम हो गए। ब्रेक जाम होने से डिब्बे के पहिये से धुआं निकलने लगा। स्टेशन मास्टर ने तुरंत ही इसकी जानकारी ट्रेन के ड्राइवर को दी। इस पर ट्रेन को साम्हाें रेलवे स्टेशन पर लूप लाइन में रोक लिया गया। आधा घंटे की मशक्कत के बाद ब्रेक को ठीक करने के बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
गुरुवार को सुबह 07 बजकर 14 मिनट पर डाउन ट्रैक पर दौड़ रही सूरी मालगाड़ी जब भरथना स्टेशन को क्रास कर रही थी तभी स्टेशन मास्टर ने देखा कि मालगाड़ी के एक डिब्बे के पहिये से तेज धुआं निकल रहा है। स्टेशन मास्टर ने तुरंत ही इसकी जानकारी ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड के साथ कंट्रोल को दी जिसके बाद तुरंत ही कंट्रोल ने ट्रेन को साम्हाें स्टेशन पर लूप लाइन में खड़ी करने के निर्देश दिए और ट्रेन को 07 बजकर 32 मिनट पर साम्हों स्टेशन की लूप लाइन में खड़ा कर दिया गया। इसके बाद टेक्नीकल टीम ने जाम हुए ब्रेक को कड़ी मशक्कत के बाद ठीक किया और मालगाड़ी को 07 बजकर 56 मिनट पर आगे के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन के लूप लाइन में लिए जाने के चलते डाउन ट्रेक पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं रहा।