इटावा- लवेदी। मौसम का मिजाज मंगलवार को एक बार फिर बदला हुआ नजर आया। दिनभर बादलों की आवाजाही और धूप-छांव के खेल के बाद शाम होते ही हुई बूंदाबांदी ने गलन भरी सर्दी का अहसास करा दिया। सर्द हवाओं और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फसलों को भी नुकसान की आशंका से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।
जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि बुधवार को मौसम का असर और अधिक देखने को मिल सकता है। जिले में आठ से 10 एमएम तक बारिश होने की संभावना है। कहा कि बुधवार के बाद गुरुवार व शुक्रवार को भी बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है लेकिन इस बीच बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अगले 24 से 48 घंटों तक खेतों में सिंचाई न करने की सलाह दी है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश के साथ हवा की रफ्तार बढ़ी तो सरसों व आलू सहित सभी फसलों को नुकसान हो सकता है।
लवेदी में खेतों में खड़ी सरसों और आलू की फसलों को नुकसान पहुंचा है। सरसों की फसल जहां फूल व फलियों के झड़ने से प्रभावित हुई है, वहीं आलू की फसल में जलभराव के कारण सड़न की आशंका बढ़ गई है। किसान अनुज चौहान, संदीप और देशराज का कहना है कि इस समय सरसों की फसल पकने की अवस्था में है, ऐसे में बारिश होने से दाने काले पड़ने लगे हैं, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ेगा।