शहर में तीन महीने बाद एक बार फिर पालिका का बुलडोजर गरजा। साथ चल रहे अफसरों ने शास्त्री चौराहा से लेकर गुरुतेगबहादुर ओवरब्रिज तक अतिक्रमण साफ कराया। करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान पालिका तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे है। शास्त्री चौराहे से ओवरब्रिज तक दोनों ओर अतिक्रमण के कारण हाइवे काफी सिकुड़ गया था। अतिक्रमण हटने के बाद मालगोदाम तिराहे को आधुनिक बनाने का काम होगा।
शहर से अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण करने की दिशा में शुक्रवार को प्रशासन ने एक कदम आगे बढ़ाया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी की मशीन से फर्रुखाबाद फाटक पर बने फ्लाईओवर से लेकर शास्त्री चौराहा तक फैला अतिक्रमण हटवाया।
अभियान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अमित भट्ट, पालिका के अवर अभियंता किशोरी सिंह, एमएल सचान, संपत्ति कर अधिकारी जगजीवनराम की मौजूदगी में पूरे जोरशोर से चला। जेसीबी की मदद से जीआईसी से लेकर चौधरी पेट्रोल पंप तक सभी अतिक्रमण हटा दिए गए। इसके बाद गुरुतेगबहादुर पुल से पहले तिराहा पर अतिक्रमण कर रखे गए खोखे भी हटा दिए गए।
बता दे कि 20 दिन पहले जिलाधिकारी के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने और प्रमुख चौराहों के सुंदरीकरण का मैप तैयार कर लिया गया था। प्रशासन की ओर से 17 फरवरी से अभियान चलाए जाने की बात कहीं जा रही थी, लेकिन सैफई में व्यस्तता के कारण अभियान नहीं चल पाया।
इधर हटाया, उधर फिर हो गया
पालिका के द्वारा चलाया जा रहा अभियान चौधरी पेट्रोल पंप तक पहुंचा था इससे पहले ही जीआईसी के पास फिर से टीन टप्पर लगना शुरू हो गए। तीन माह पहले भी यहां से अतिक्रमण हटाए गए थे, लेकिन दूसरे दिन ही जैसा का तैसा हो गया था। पालिका को सामान जब्त कर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई पर अमल करना होगा।
रोड पर से कब्जा हटना भी जरूरी
पुराना हाइवे पर नगर पालिका की ओर से नाला निर्माण में लापरवाही बरती गई। सड़क के दोनों ओर पांच से लेकर दस फीट तक जगह छोड़कर पालिका की ओर से नालों को सड़क से सटाकर बना दिया गया। ऐसे में दुकानदारों के साथ ही मकान मालिकों ने नाले को अपनी हद मानकर दुकान व मकान को आगे बढ़ाकर अतिक्रमण कर लिया है। इस कारण से पुराना हाइवे काफी सिकुड़ गया है और आए दिन जाम की स्थिति रहती है।