फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध शराब पकड़ने निकल पड़ी पुलिस

Thu, 15 Jan 2015 12:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रदेश भर में अलर्ट जारी कर दिया गया। सीएम के जिले की पुलिस भी अवैध शराब की बिक्री करने वालों की तलाश में निकल पड़ी। मंगलवार को जिले भर में 352 पौव्वा देसी शराब के साथ 15 लोगों को पकड़ा गया। सभी को जेल भेज दिया गया है। भरथना में कच्ची शराब बनती मिली तो जसवंत नगर में भारी मात्रा में लहन बरामद किया गया।
विज्ञापन


सबसे ज्यादा शराब सैफई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पकड़ी गई। पुलिस ने 168 देशी शराब के पौव्वा के साथ रुकइयापुर बंबा के पास से मुहम्मद हैदर अली उर्फ बंटी निवासी धातुरी को पकड़ लिया। उसके दो साथियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की। बढ़पुरा थाना पुलिस ने देसी शराब के 22 पौव्वा के साथ गंभीर सिंह निवासी हविलिया थाना बढ़पुरा को पकड़ा।

लवेदी थाना पुलिस ने 41 देसी शराब के पौव्वा के साथ विवेक बाबू निवासी विधिपुरा थाना लवेदी को गिरफ्तार किया। ऊसराहार थाना पुलिस ने 25 पौव्वा देसी शराब के साथ श्रीनिवास निवासी सरोढ़ थाना सादाबाद हाथरस को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन


बसरेहर थाना पुलिस ने 40 पौव्वा देसी शराब के साथ बंटी उर्फ गिरजेश निवासी कुम्हावर थाना बसरेहर को गिरफ्तार किया। 20 पौव्वा देसी शराब के साथ कोतवाली पुलिस ने हरिओम निवासी मिटैटी टोला, 15 पौव्वा देसी शराब के साथ संजीव कुमार निवासी ब्रम्हनगर पक्काबाग, 21 पौव्वा देसी शराब के साथ कोतवाली पुलिस ने ही लालजी निवासी लालपुरा को गिरफ्तार किया। सभी मामलों में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

भरथना प्रतिनिधि के मुताबिक आबकारी विभाग के निरीक्षक राजेंद्र कुमार, भरथना थाने के एसआई राजवीर सिंह ने पुलिब बल के साथ कस्बे के मुहल्ला गिहारनगर में बुधवार की दोपहर छापामारी की। टीम ने राजकपूर व बंटी के घर पर कच्ची शराब की भट्ठी सुलगती मिली।

मौके से 500 किलोग्राम लहन, खामीरा, टीन, बोतलें आदि के अलावा कट्टियों में भरी 35 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। मौके से आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। अचानक हुई छापामार कार्रवाई से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। इसके बाद टीम पास के ही मोहल्ला गोविंदनगर में जा धमकी।

जहां पर टीम ने देसी शराब की बोतलों से भरी एक बोरी कुलदीप पुत्र गौरीशंकर के मकान में भूसे में दबी बरामद की। शराब रेस ब्रांड की थी और उसकी बिक्री प्रदेश के बाहर होती है। पुलिस ने कुलदीप को मय माल के हिरासत में ले लिया। टीम ने कुछ अन्य स्थानों पर भी छापा मारा।

गांव-गांव बिक रही है देशी शराब
बीहड़ क्षेत्र के थाना लवेदी क्षेत्र के गांव-गांव में अवैध रूप से देसी शराब की बिक्री की जा रही है। गांव में परचून की दुकानों तक से शराब खरीदी जा सकती है। गांव चंद्रपुरा, विधिपुरा, ईकरी, धर्मपुरा आदि गांवों में शराब लेने के लिए ठेके तक जाने की जरूरत नहीं पड़ती। ग्रामीणों का कहना है कि यह सब पुलिस से साठगांठ कर हो रहा है।

कोठी कैस्त में मिला लहन, चौबीसा से एक धरा
जसवंतनगर पुलिस टीम ने क्षेत्र के गांव चौबीसा में अभियान चलाकर 5 लीटर कच्ची शराब के साथ गांव के ही उदयवीर पुत्र लटूरी प्रसाद को गिरफ्तार किया। मोहल्ला कोठी कैस्त में पुलिस ने कच्ची शराब के लिए रखे 15-15 लीटर के नौ डिब्बे लहन नष्ट कर दिया। पुलिस को देखकर शराब बनाने वाले भाग खडे़ हुए।

यहां पहले भी कई बार छापामारी की गई, लेकिन शराब का धंधा बंद नहीं हो रहा। उधर, ज्वालापुर में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव ने कई घरों में छापा मारा। हालांकि उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। पुलिस ने मुखबिरों का संजाल फैला दिया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें