चकरनगर के सिंडौस गांव में बृहस्पतिवार को अंतर्राज्यीय दंगल का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि इस दंगल का उद्घाटन जहां वरिष्ठ सपा नेता राजपाल सिंह यादव ने किया तो समापन भाजपा नेता पूर्व एमएलसी अशोक दुबे ने किया।
भीषण ठंडी में पहलवानों के दांवपेचों का कुश्ती प्रेेमियों ने भरपूर लुत्फ उठाया। सात हजार रुपये की झंडा कुश्ती देवेंद्र आगरा और भवानी के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी। इस वजह से सर्वश्रेष्ठ पहलवान का खिताब कोई हासिल नहीं कर सका। छह हजार रुपये की इनामी कुश्ती पप्पन मुरैना ने राजवीर मथुरा को हराकर जीती।
गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 15 जनवरी को इस अंतर्राज्यीय दंगल का आयोजन किया गया। उद्घाटन अवसर पर श्री यादव ने कहा कि कुश्ती सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का प्रिय खेल रहा है। सिंडौस और पारपट्टी के लोग कुश्ती को बढ़ावा दे रहे हैं।
जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सपा नेता पूर्व एमएलसी रामनरेश यादव मिनी ने कहा कि सिंडौस गांव में जल्द ही वृद्धाश्रम एवं स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। सपा सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके बाद शुरू हुई कुश्तियों में छोटू आगरा ने केदार सिंह धौलपुर को, बंटी आगरा ने यशपाल मथुरा को, राहुल झांसी ने संजय मुरैना को, भूरा पोरसा ने भूपेंद्र मुरैना को, भारत सिंह मुरैना ने रामपाल मथुरा को, रमेश चंद्र बड़ागांव ने सुरेंद्र लखनऊ को, बंटू आगरा ने राहुल झांसी को धूल चटाई। दंगल कमेटी ने सभी विजयी पहलवानों को 5-5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया।
समापन अवसर पर पूर्व विधायक श्री दुबे ने कहा कि ग्राम सिंडौस में एमएलसी रहते हुए व्यायामशाला के लिए निधि से धन दिया था। अभी प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं है। फिर भी केंद्र से संचालित राजीव गांधी खेल अभियान के तहत इस गांव में अतिशीघ्र खेल कांपलेक्स की स्थापना कराई जाएगी।
कुश्ती के निर्णायक की भूमिका कल्लू पहलवान बंसरी ने निभाई। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री भोला सिंह, श्रीकृष्ण यादव, प्रेमदास कठेरिया, प्रदीप सिंह चौहान, महिपाल सिंह यादव, पूरनमल दिवाकर, अजय भदौरिया, रवींद्र सिंह तोमर, नगरपालिका भिंड की चेयरमैन कलावती, सहेल सिंह परिहार, देवेंद्र सिंह चौहान, केके राज, कृपा नारायन तिवारी, जसवंत सिंह वर्मा आदि कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।