जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुरा में शादी के नौ माह बाद झुलसने से विवाहिता की मौत हो गई। पिता ने मृतका के पति, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मलपुरा गांव निवासी कमल सिंह की बेटी रानी देवी (24) की शादी 24 अप्रैल 2017 को जसवंतनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा निवासी रामदुलार के बेटे जितेंद्र के साथ हुई थी। सोमवार सुबह करीब नौ बजे ससुराल वालों और विवाहिता के बीच विवाद हुआ। कुछ देर बाद कमरे से धुआं उठता दिखा। गांव के लोग जुट गए। दरवाजा तोड़ा गया तो विवाहिता का झुलसा शव मिला। उसके ऊपर मिट्टी का तेल गिरा था। ससुरालियों का कहना है कि विवाहिता ने खुद आग लगाई। ससुरालियों की सूचना पर विवाहिता के पिता व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। धरवार चौकी प्रभारी रामबाबू भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विवाहिता के पिता कमल सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराली अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे। इस बात को लेकर कई बार विवाद हुआ था। उन्होंने समझाया बुझाया था। दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुरालियों ने मिट्टी का तेल डालकर रानी को जला दिया। पुलिस ने मृतका के पति जितेंद्र कुमार, ससुर रामदुलारे व देवर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। मृतका के कोई भी संतान नहीं थी।