इटावा। हिंदू नव संवत्सर के स्वागत के लिए संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल आलमपुर हौज में आयोजित कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के रंग दिखे। बच्चों ने राष्ट्रभक्ति और धार्मिक ग्रंथों से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं तो वरिष्ठों ने गीता के श्लोकों से चुनौतियों में विचलित न होने का संदेश दिया।
संस्कार भारती की ओर से मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक राम नरेश शर्मा, विभाग प्रमुख दीपेश, नगर प्रचारक अंकित एवं कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. देवेंद्र सिंह ने किया। संस्कृत विचार सभा के महेश चंद्र तिवारी ने छात्र-छात्राओं को श्रीमद्भागवत गीता के सूत्र वाक्य ‘न दैन्यं न पलायनं’ से लक्ष्य प्राप्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से भागना नहीं, जूझना जरूरी है। हमें लक्ष्य प्राप्ति के लिए डटकर संघर्ष करना चाहिए।
हाईस्कूल की छात्रा श्रेया जैन ने भारतीय संस्कृति के परिपेक्ष में अपना ओजस्वी उद्बोधन प्रस्तुत करके सभागार का ध्यान आकर्षित किया।
संस्कार भारती विचार परिवार के कला साधक दीपक तिवारी ने सूर्य वंदना प्रस्तुत की। प्रखर चौहान के गीत पर सभागार को तालियों से गूंज उठा। जिला संघचालक राम नरेश शर्मा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग में आने वाली बाधाओं से हमें विचलित नहीं होना चाहिए। संस्कार भारती के जिला अध्यक्ष अश्वनी कुमार मिश्र ने कहा कि व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर हटकर राष्ट्र को सर्वप्रथम मानें। संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉॅ. आनंद ने कहा कि ऐसे आयोजनों के लिए शिक्षण संस्थान का चयन करना उनके विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. ज्योति भदौरिया, जुबेरी सर ,पुष्पेंद्र सिंह एवं शिल्पी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कोषाध्यक्ष कुलदीप अवस्थी ने संचालन किया। सचिव अत्रि दीक्षित ने वंदेमातरम और संस्कार भारती के ध्येय गीत की समवेत स्वरों में प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अखिलेश सिंह, कला साधक इंद्र नारायण पांडेय, उपाध्यक्ष योगेश कटियार, गोपाल मोहन तिवारी, चंद्रोदय सिंह, सौरभ त्रिपाठी, सौरभ सक्सेना, सुवेश तिवारी, वैभव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नव संवत्सर कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि- फोटो : ETAWAH