इटावा। चिकित्सा के क्षेत्र में हिंदी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले डॉ. सूर्यकांत विश्व हिंदी सम्मेलन में भाग लेने फिजी जाएंगे। उन्हें भारतीय प्रतिनिधिमंडल में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
केजीएमयू के कुलपति ले. जनरल डॉ. विपिन पुरी ने गांव बहमनीपुर निवासी डॉ. सूर्यकांत को इसके लिए बधाई दी है। सम्मेलन 15 से 17 फरवरी तक नांदी (फिजी) में आयोजित होगा। इसका मुख्य विषय हिंदी-पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम मेधा तक रखा गया है। डॉ. सूर्यकांत केजीएमयू के चिकित्सक हैं। वह 2018 में भी मॉरीशस में हुए विश्व हिंदी सम्मेलन में भी भाग ले चुके हैं।
उन्होंने एमडी शोध प्रबंध 1991 में क्षय रोगों की अल्पावधि रसायन चिकित्सा में सह औषधियों की भूमिका हिंदी में लिखी थी। इसके जरिये किंग जॉर्ज मेडिकल काॅलेज में हिंदी भाषा का प्रचार किया। एमडी में सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी का स्वर्णपदक भी उन्हें प्राप्त हो चुका है।