इटावा। डीएम ने मंगलवार शाम से सुर्खियों में बने सपा सांसद जितेंद्र दोहरे के समधी डीपीआरओ बनवारी सिंह के कार्यालय में रुपये गिनते वीडियो होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर उसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। सूत्रों के अनुसार डीएम की जांच रिपोर्ट के बाद अब निदेशालय डीपीआरओ के खिलाफ जल्द कार्रवाई कर सकता है।
डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि मंगलवार शाम को डीपीआरओ बनवारी सिंह के कार्यालय में रुपये गिनते एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें सचिवों से ट्रांसफर व पोस्टिंग के मामले में 20 हजार रुपये लेने का आरोप लगा था। डीएम ने इस मामले में गंभीरता से लेते हुए वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले की जांच करवाई।
इसमें डीपीआरओ बनवारी सिंह समेत इस प्रकरण से जुड़े लोगों के रिकार्ड बयान दर्ज किए गए हैं। वीडियो में सामने आए तथ्य भी रिपोर्ट में शाामिल किए गए हैं। जांच रिपोर्ट को डीएम ने शासन को भेजा है। डीएम ने बताया कि अब रिपोर्ट के आधार पर शासन निर्णय लेगा।