नई दिल्ली से रायबरेली जा रही कार जसवंतनगर कस्बे से
चार किमी पहले अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर ट्रक में जा घुसी। हादसे
में युवती और उसकी दो साल की मासूम बेटी की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए,
तीन की हालत गंभीर है। सभी को पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार
की रात करीब दस बजे नई दिल्ली से कार से छह लोग रायबरेली के लिए रवाना
हुए। इन लोगों को रायबरेली के समरैदा जाना था। शुक्रवार को तड़के करीब तीन
बजे इनकी तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराती हुई ट्रक में जा
घुसी।
हादसे में कार सवार पूजा (28) पत्नी कमलेश और उसकी पुत्री
अंशिका (2) समरैदा, रायबरेली की घटनास्थल पर ही मौैत हो गई, जबकि ड्राइवर
मोनू शुक्ला पुत्र कौशल किशोर निवासी कर्ण विहार दिल्ली, कमलेश पुत्र
आदित्य कुमार, अरुण पुत्र गोपाल दास तथा राजकुमार पुत्र रामसुंदर निवासीगण
समरैदा जनपद रायबरेली घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी होते ही
प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह यादव मौके पर पहुंचे। घायलों को सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। तीन लोगों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने
पीजीआई सैफई रेफर कर दिया। राजकुमार का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में
इलाज चल रहा है।
पुलिस ने ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। हादसे की सूचना घायलों और मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।