फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में 19 फरवरी को होगा मतदान

Wed, 04 Jan 2017 11:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो इटावा
विज्ञापन
चुनाव आयोग की घोषणा सुनते कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
चुनाव आयोग ने विधान सभा चुनाव की घोषणा कर दी है। जिले की तीनों विधान सभा सीटों पर तीसरे चरण में 19 फरवरी को मतदान होगा। चुनावी प्रक्रिया नामांकन के साथ 24 से शुरू होकर 31 जनवरी तक चलेगी। दो फरवरी को नामांकन निर्देशन पत्रों की जांच और 4 फरवरी को नाम वापस लिए जा सकेंगे। 11 मार्च को मतगणना होगी।
विज्ञापन

बुधवार को चुनाव आयोग की घोषणा पर सभी की नजरें लगी थीं। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के आसपास मुख्य चुनाव आयुक्त डा. नसीम जैदी के चुनाव कार्यक्रम घोषित करने पर कर्मचारियों ने इसे गौर से सुना। शाम को डीएम शमीम अहमद ने निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया। जिले की तीनों विधानसभा सीटों इटावा, जसवंतनगर और भरथना सुरक्षित सीट का चुनाव तीसरे चरण में 19 फरवरी को होगा।  

फैक्ट फाइल: तीनों सीटों पर सपा का कब्जा
जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं और सभी सीटों पर सपा का कब्जा है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के गृह जिले को इसी वजह से काफी मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इटावा सदर सीट से सपा के रघुराज सिंह शाक्य, जसवंतनगर से शिवपाल सिंह यादव और भरथना सुरक्षित सीट से सुखदेवी वर्मा विधायक चुने गए हैं।
विज्ञापन


 विधानसभा क्षेत्र     कुल वोटर        पुरुष           महिला
जसवंतनगर         365367        201107      164245
इटावा               380324        206446      173874
भरथना (एससी)  388584        214432      174132
कुल                1134275       621985      512251


नामांकन में रंगीन फोटो लगाना अनिवार्य
इटावा। जिला निर्वाचन अधिकारी, डीएम शमीम अहमद ने बुधवार शाम जिले का निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि निर्वाचन से संबंधित आयोग के महत्वपूर्ण बिंदुआें का पालन करना जरूरी होगा। इस बार नामांकन पत्र पर अभ्यर्थियों को रंगीन फोटो चस्पा करना अनिवार्य है। पहचान पत्र के साथ  नागरिकता के संबंध में भी घोषणा करनी होगी।
इसके अलावा अभ्यर्थी को बिजली, पानी, किराया आदि के बकाया के बारे में प्रमाण पत्र देना होगा। आयोग ने चुनाव खर्च की सीमा 28 लाख निर्धारित की है। बैलेट पेपर पर इस बार अभ्यर्थी (प्रत्याशी) की फोटो भी अंकित होगी। इस घोषणा के साथ ही पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। डीएम ने कहा कि विकलांग मतदाताओं को मतदान की सुविधा प्रदान करने के लिए मतदेय स्थल पर व्हीलचेयर आदि की सुविधा प्रदान की जाएगी। सभी मतदान केंद्राें पर बिजली, पानी, रैंप, छाया, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
डीएम शमीम अहमद ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को उनके होर्डिंग्स, पोस्टर, बैनर आदि हटवाने के लिए पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं। आचार संहिता प्रभावी होने पर इन्हें हटवाने की कार्रवाई जारी है। इनको हटवाने पर होने वाले खर्च को संबंधित दलों के प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय में शामिल किया जाएगा।

मतदान केंद्र व मतदेय स्थलों की संख्या
जिले में कुल 937 मतदान केंद्र और 1273 मतदेय स्थल हैं। जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 339 मतदान केंद्र और 419 मतदेय स्थल हैं। इटावा में 234 व 400 और भरथना सुरक्षित सीट पर 364 मतदान केंद्र व 454 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें