फोटो 08:::जिला पूर्ति कार्यालय में लगे लोहे के दरवाजों से जानकारी करते उपभाेक्ता। संवाद
इटावा। जिला पूर्ति कार्यालय में एंटी करप्शन की कार्रवाई के बाद अब कार्यालय की व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। कलक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय के चार दरवाजों में से तीन पर लोहे के चैनलनुमा दरवाजे लगाए गए हैं। अब उपभोक्ताओं और फरियादियों को अपनी बात चैनल के बाहर से ही रखनी होगी।
24 सितंबर को एंटी करप्शन की टीम ने जिला पूर्ति कार्यालय में छापा मारा था। जिसमें विभाग के बसरेहर के पूर्ति निरीक्षक योगेश वर्मा के साथ ही दो अन्य कर्मचारियों को राशन दुकानदार से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के बाद यह मामला जिले में चर्चा में रहा था। इसके बाद अब कार्यालय में आने-जाने की व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया है। कार्यालय में कुल चार दरवाजे हैं। इनमें जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय का दरवाजा पहले से ही कांच का बना है, जबकि अन्य तीन दरवाजों पर पहले किसी तरह की रोक नहीं थी। इनके जरिये कर्मचारी और उपभोक्ता बेरोकटोक कार्यालय के अंदर आते-जाते थे।
अब इन तीनों दरवाजों पर लोहे के चैनलनुमा दरवाजे लगा दिए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने बताया कि उनकी नवीन तैनाती हुई है। वह कार्यालय की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का प्रयास कर रहे हैं। अभी तक कोई भी व्यक्ति किसी भी कक्ष में बेरोकटोक पहुंच जाता था, जिससे परेशानी होती थी। अब व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इससे कार्यालय का कामकाज व्यवस्थित होगा और उपभोक्ताओं को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
फोटो 08:::जिला पूर्ति कार्यालय में लगे लोहे के दरवाजों से जानकारी करते उपभाेक्ता। संवाद