जिला पंचायत की बोर्ड बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभागार में हुई। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 1759.56 लाख रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास हुआ। इससे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव ने शिला पट्टिकाओं का अनावरण कर कुल 62 सड़कों का उद्घाटन किया।
अपर मुख्य अधिकारी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बैठक का एजेंडा पढ़ते हुए बीडीओ के कामकाज पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर से आने वाली कार्ययोजना हकीकत से परे होती हैं। इसे जिला पंचायत के संसाधनों को मद्देनजर रखते हुए बनाना चाहिए।
ज्यादा से ज्यादा कार्ययोजना में संसाधन के सापेक्ष 50 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की जा सकती है। कार्ययोजना ऐसी बनाई जाए, जिस पर अमल हो सके। उन्होंने बताया कि ब्लाकों से कुल 142 करोड़ 15 लाख 46 हजार रुपये की कार्ययोजना बनाकर भेजी गई है। जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंप, शौचालय, सीसी रोड, खड़ंजा, पंचायत भवन, आवासीय भवन, पेयजल आदि कार्य किए जाने हैं।
वहीं डीडीओ अनिल कुमार सिंह ने मनरेगा के तहत लेबर बजट प्रस्तुत किया। जिसमें ग्राम व क्षेत्र पंचायतों समेत कनवर्जन विभागों की कार्ययोजना के अनुसार कुल 3163.32 लाख रुपये के बजट को बैठक में अनुमोदन मिला। भारत सरकार से संस्तुति के बाद प्राप्त होने वाले इस बजट से मनरेगा के कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में चालू वित्तीय वर्ष का संशोधित आय-व्यय बजट भी प्रस्तुत हुआ। इस बजट में 2133.258 लाख रुपये की अनुमानित आय और 2034.323 लाख रुपये की अनुमानित व्यय दर्शाई गई। जिसे सदन से अनुमोदन मिला। इस दौरान प्रमुख रूप से वित्तीय वर्ष 2015-16 के वार्षिक आय-व्यय का बजट को पेश किया गया।
जिसमें राज्य सरकार तथा जिला स्तर से प्राप्त अनुदान के तौर 1100 लाख रुपये, राज्य वित्त आयोग से स्थापना मद के लिए 200 लाख रुपये, जिला पंचायत के निजी स्त्रोतों से 360.625 लाख रुपये एवं एक अप्रैल 2015 को अनुमानित शेष 98.935 लाख रुपये समेत कुल 1759.56 लाख रुपये की आय होना दर्शाया गया।
वहीं 1657.41 लाख रुपये अनुमानित व्यय दर्शाई गई। इस तरह लाभ के इस बजट को बोर्ड सदस्यों ने सर्व सम्मति से अपनी मंजूरी प्रदान की। बैठक के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव ने नववर्ष की प्रथम बोर्ड बैठक पर सभी को बधाई दी। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि सही समय पर प्रस्ताव आने से कार्य पूर्ण हो सके।
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकारी कार्य करें। यह बात बार-बार कहना उचित नहीं लगता। क्योंकि यह जिला मुख्यमंत्री और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का है। यहां का संदेश पूरे प्रदेश में जाता है। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता राजपाल सिंह यादव, सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य, ब्लाक प्रमुख चकरनगर महिपाल सिंह यादव, बढ़पुरा प्रदीप चौहान, जसवंतनगर अनवर सिंह, महेवा प्रमोद यादव, हरिओम यादव, जिला पंचायत सदस्य सीमा शाक्य, शांती, सीमा यादव, अरविंद यादव, राधा कृष्ण गोयल, बादशाह, सतेंद्र, रामवीर आदि सदस्य व अधिकारी मौजूद रहे।