इटावा। कोतवाली क्षेत्र में सबमर्सिबल का तार हटाने की कहने पर पड़ोसी ने विवाद कर दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो खुन्नस में पड़ोसी ने घर में घुसकर दंपती के साथ मारपीट कर दी। कुल्हाड़ी से हमला कर सिर को गंभीर चोट पहुंचाने का भी आरोप है। महिला के चेहरे पर भी चोटें आई हैं।
क्षेत्र के बाइस ख्वाजा रोड निवासी मोनू पटेल ने बताया कि घर के बाहर उनके मकान से सटे एक परिवार ने नल के सबमर्सिबल का तार खुले में लगा रखा है। बच्चे भी बाहर खेलते हैं, ऐसे में खतरा होने का डर भी बना रहता है। पड़ोसी से जब तार हटाने को कहा तो उन्होंने नहीं माना और विवाद करने लगे। शिकायत करने पर पुलिस आई तो भी उन्होंने तार नहीं हटाया और पुलिस के जाने के बाद रविवार की देर रात घर में घुसकर मारपीट कर दी।
कुल्हाड़ी से सिर पर हमला किया, जिससे उनके सिर पर 12 टांके भी आये हैं। पत्नी और दोनों बच्चों के भी चोट आयी है। उन्होंने एसएसपी को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।