उदी। बढ़पुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को ऑटो चालक से अवैध वसूली करने वाले आरोपी ने सवारी पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया जबकि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बढ़पुरा थाना क्षेत्र के मनकापुरा निवासी महेंद्र सिंह (50) मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उदी मोड़ से ऑटो से अपने गांव लौट रहे थे। महेंद्र ने बताया कि उदी मोड़ पर जैसे ही वह ऑटो में बैठे उसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और ऑटो चालक से अवैध धन वसूली करने लगा। इस बात को लेकर आरोपी और ऑटो चालक के बीच कहासुनी होने लगी जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ता देख महेंद्र सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
इसी दौरान आरोपी अचानक आक्रोशित हो गया और पास में लगे फल के ठेले से चाकू उठाकर महेंद्र सिंह के पेट में वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत उदी मोड़ स्थित सीएचसी पहुंचाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया कि किराये के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।