बकेवर में नाला सफाई के दौरान मौके पर व्यापारियों से बातचीत करती ईओ मानिका उमराव।
- फोटो : अमर उजाला
नाला सफाई के दौरान एक दुकान के बाहर का सामान ट्रैक्टर में लदवाने पर नगर पंचायत की ईओ और दुकानदारों में नोकझोंक हो गई। विरोध बढ़ता देखकर ईओ ने सामान वापस कर दिया। नाला सफाई भी नहीं हो सकी।
इटावा रोड पर विद्या विहार में सड़क किनारे नाले की सफाई न होने से पानी भर जाता है। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत नगर पंचायत कार्यालय में की। नगर पंचायत ने मंगलवार को सफाई नायक और कर्मचारियों को सफाई करने भेजा। सफाई नायक शिवेंद्र सिंह बकेवर चौराहे पर इटावा रोड पर नाला सफाई कराने लगे। सफाई नायक ने कुछ दुकानदारों से दुकान के बाहर नाला की पटिया पर लगा सामान हटाने के लिए कहा।
सहकारी संघ के बगल में स्थित अन्नू मिष्ठान भंडार की दुकान पर दुकान मालिक नहीं था। पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंची नगर पंचायत बकेवर की ईओ मोनिका उमराव मिष्ठान भंडार के बाहर नाला की पटिया, कुर्सी, बेंच, कड़ाही आदि सामान ट्रैक्टर पर लदवाने लगीं। इस पर आसपास के दुकानदारों ने विरोध किया। दुकानदारों और ईओ के बीच नोकझोंक भी हुई। ईओ ने मिष्ठान भंडार और अन्य दुकानदारों का सामान वापस कर दिया। नाला सफाई भी नहीं हो सकी। ईओ मोनिका उमराव ने बताया कि नगर पंचायत के कर्मचारियों ने पूर्व में ही सामान हटाने की सूचना दुकानदारों को दी थी।