भरथना। नगर के मोहल्ला नेविलगंज की सड़क का निर्माण बीते एक दशक से न होना राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बाजार में आने वाले ग्राहकों व अन्य राहगीरों को ऊबड़-खाबड़ वाले रास्ते से गुजरना मजबूरी हो गई है।
नगर पालिका के वार्ड संख्या 19 के अंतर्गत मोहल्ला नेविलगंज की सौ मीटर सड़क जर्जर हो चुकी है। कई जगह गिट्टियां व गड्ढे होने से पैदल राहगीरों समेत वाहन चालकों को परेशानी होती है। सड़क के नजदीक दो निजी स्कूलों का संचालन हो रहा है, इससे सैकड़ों बच्चों का आवागमन रहता है। सड़क के निर्माण और मरम्मत के लिए सभासद समेत मोहल्ले के कई लोगों ने सड़क निर्माण के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
लोगों की बात
स्कूल संचालक रुद्रपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि सड़क किनारे मांटेसरी स्कूल है। सड़क जर्जर होने से पैदल छात्र-छात्राओं समेत स्कूल वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। कई बार बच्चे गिरकर चुटहिल भी हो जाते हैं। मोहल्ला नेविलगंज निवासी राजकुमार पोरवाल ने बताया कि सड़क किनारे रिहायशी घरों के अलावा दुकानें व गोदाम हैं। छोटे-बड़े वाहनों का आना जाना रहता है। सड़क जर्जर होने से लोगों को दिक्कत होती है। बुजुर्ग सुमन तिवारी ने बताया कि बीते कई वर्षों से लगातार उखड़ रही सड़क पर पैदल चलना दूभर होता जा रहा है। खासकर बुजुर्गों को काफी परेशानी होती है। डामरीकरण की बजाय इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण हो जाए तो सहूलियत हो जाएगी।
वर्जन
सड़क का मौका मुआयना करवाकर निर्माण के लिए इस्टीमेट बनवाएंगे और प्रस्ताव भेजकर निर्माण करवाने का प्रयास किया जाएगा। -विनय कुमार मणि त्रिपाठी, ईओ