लवेदी। ग्राम पंचायत विधिपुर में शुक्रवार को तेज धूप निकलने के बाद एक जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरने से गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
गांव निवासी मालती देवी लंबे समय से कच्चे मकान में रहकर गुजरबसर कर रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दिनों हुई लगातार बारिश से मकान की हालत काफी कमजोर हो गई थी। शुक्रवार को मौसम साफ होने के बाद तेज धूप निकली और कुछ देर बाद मकान अचानक ढह गया। जिस समय घटना हुई घर में कोई नहीं था।
घटना की सूचना अधिकारियों को दी गई, लेकिन देर तक तहसील और ब्लॉक स्तर से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता दिलाने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास दिलाने की मांग की है।