लुधियानी गांव में स्थित रामबाग आश्रम
- फोटो : अमर उजाला
बकेवर के लुधियानी के रामबाग आश्रम में महंत परमानंद दास की मृत्यु के बाद आश्रम की संपत्ति को लेकर महंतों के दो गुटों में तकरार से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। आश्रम के मुख्य स्व. महंत परमानंद दास के 17 जून को होने वाले भंडारे पर पुलिस प्रशासन ने रोक लगा दी है। कई महंतों सहित लुधियानी, भरईपुर, नगला भजू गांवों के करीब 3 दर्जन से अधिक लोगों को 107 /116 के तहत पांबद किया है। आश्रम पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। एसडीएम व सीओ मौके पर जायजा लेने पहुंचे।
मामले के पीछे मंदिर से लगी करीब 350 बीघा जमीन होना बताया जाता है। मंदिर आश्रम के नाम लुधियानी के अलावा कानपुर देहात के अकबरपुर, उज्जैन, औरैया के उमरैन में जमीन लगी है। लुधियानी का रामबाग आश्रम खितौरा स्थित बाबा गुरुदेव जन्मभूमि आश्रम से करीब 3 किमी दूर स्थित है। बकेवर से करीब 6 किमी दूर स्थित ग्राम लुधियानी में गांव के बाहर स्थित रामबाग आश्रम पर महंती को लेकर दो तीन गांव के लोगों व आश्रम के महंतों के बीच विवाद को लेकर तनावपूर्ण स्थिति है। दोनों पक्षों ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है। रामबाग आश्रम के सर्वराकार मुख्य महंत परमानंद दास महाराज का 8 मई को उज्जैन कुंभ में बीमारी के चलते निधन हो गया। इसके बाद मंदिर का मुख्य महंत बनने को लेकर उनके शिष्य व मंदिर के जूनियर महंतों में विवाद होने लगा। लुधियानी गांव के लोग अपने ही गांव के लोगों सियाराम दास को आश्रम का महंत बनाना चाहते हैं।
जबकि मंदिर कमेटी के आश्रम के पूर्वी और स्थित गांव भरईपुर के सुरजन सिंह चौहान व नगला खादर के विश्राम सिंह यादव व रामबाग के लोग अवधेशानंद को महंत बनाना चाहते हैं। कुछ लोग स्व महंत के भाई सरजूदास को महंत बनाना चाहते हैं। इन गांवों के लोगों के बीच विवाद की शुरुआत नोकझोंक से हुई। एक पक्ष के सियाराम दास व दूसरे पक्ष के सुरजन सिंह चौहान ने जिला अधिकार व एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिए। बुधवार को अधिक तनावपूर्ण स्थिति होने पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। मथुरा के जवाहार बाग जैसी स्थिति न हो इस पर पीएसी को भी तैनात कर दिया। शाम को उपजिलाधिकारी भरथना प्रमोद कुमार तिवारी और सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह राठौर भी मौके पर पहुंचे। 17 जून को स्व महंत के होने वाले भंडारे को थाना प्रभारी ने परमीशन लेने के बाद ही होने की बात कह कर रोक दिया। लुधियानी, नगला खादर, नगला भजू, रामबाग व भरईपुर के लोगों, मंदिर के महंतों सहित करीब 40 लोगों को 107/ 116 में पाबंद किया है। एसओ ने बताया कि शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रखी जाएगी।