यमुना में डूबे व्यक्ति को निकालने के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : ETAWHA
उदी। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के सुनवारे गांव के पास निर्माणाधीन यमुना पुल के नीचे मछली पकड़ने आए दो युवक नदी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से देर शाम दोनों के शवों को नदी से ढूंढ निकाला। घटना की सूचना पाकर युवकों के परिजनों मौके पर पहुंचे और कोहराम मच गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मडै़या शिवनारायण निवासी पवन (25) शहर में पल्लेदारी करता था। वह साथी सोहन (45) व चार-पांच अन्य साथी पल्लेदारों के साथ शनिवार को मछली पकड़ने के लिए बढ़पुरा क्षेत्र के सुनवारे गांव के पास आया था।
जहां पवन व सोहन गाटर से सहारे बने अस्थाई पुल से इटावा साइड से उदी की तरफ जा रहे थे। इस दौरान पवन के पैर में गाटर में लगी कील चुभ गई। इससे उसका शरीर अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया।
उसे बचाने के लिए सोहन भी नदी में कूद गया। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में चले गए। बाकी साथियों ने दोनों को नदी में उतर कर तलाश किया लेकिन वह नहीं मिले। इसबीच कुछ गोताखोर व ग्रामीण वहां पहुंच गए।
उन लोगों ने भी दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। देर शाम गोताखोरों ने दोनों के शवों को नदी से ढूंढ निकाला। पुलिस ने बताया कि पवन का शव नदी से निकाले जाने के बाद उसके साथी वहां से खिसक गए।
मरने वाले युवकों के पड़ोसी सुनील ने बताया शनिवार को बंदी के चलते दोनों युवक दोपहर में घर से मछलियों को पकड़ने के लिए यमुना नदी गए थे।
इधर, घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। थाना प्रभारी के मुताबिक दोनों युवकों की नदी में डूबने से मौत हुई है। परिजन कोई तहरीर देंगे, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।