चकरनगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को ऐतिहासिक महाकालेश्वर मंदिर स्थित चंबल, यमुना, सिंध, पाहूज क्वारी पांच नदियों के पवित्र संगम पचनद महासंगम में हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। स्नान के बाद साधु-संतों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र चढ़ाए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पचनद महासंगम में स्नान का सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा। स्नान के लिए इटावा के अलावा जालौन, झांसी, औरैया, कानपुर देहात तथा मध्य प्रदेश के भिंड, ग्वालियर और मुरैना समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। संगम तट पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के ब्रह्म मुहूर्त में पचनद संगम में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और अकाल मृत्यु का दोष दूर होता है। देवी पुराण में वर्णित कथा के अनुसार, वैदिक काल में करम्य की अकाल मृत्यु पर रम्य की तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्माजी ने अपने कमंडल का जल प्रवाहित किया था। मान्यता है कि इस जल में स्नान और ध्यान करने वालों को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता।
महाभारत काल में भी पंचनद क्षेत्र की तीर्थस्थल के रूप में मान्यता का उल्लेख मिलता है। पूरे कार्तिक माह में किशोरियां सुंदर वर की कामना लेकर स्नान करती हैं और दीप प्रज्ज्वलित कर संगम में प्रवाहित करती हैं। वहीं, महिलाएं दीपदान कर कालेश्वर बाबा से अपने पतियों की लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम रोहित कुमार मौर्य, तहसीलदार सुनील तिवारी, सीओ अभय नारायण राय और बिठौली थाना प्रभारी राजेंद्र विक्रम सिंह मौजूद रहे।