मुख्यमंत्री की मां के नाम से नए जिले मालती नगर की सुगबुगाहट शुरू होते ही ताखा को जिला बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया तथा सीएम के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ताखा का जिला बनना संभव न हो तो इसे इटावा से ही जोड़कर रखा जाए। नवसृजित जिले में ताखा को शामिल न किया जाए। चेतावनी दी है कि यदि मांगों को नहीं माना गया तो 21 दिसंबर से आंदोलन को और तेज कर दिया जाएगा।
सैफई महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री की मां मालती देवी के नाम से नया जिला बनाए जाने की सुगबुगाहट है। नए जिले में ताखा को शामिल किए जाने की संभावनाओं के चलते क्षेत्र के हजारों लोगों ने शुक्रवार को तहसील परिसर में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया।
लोगों की मांग है कि यदि नया जिला बनाया जाए तो उसका नाम ताखा हो। ताखा के नाम से बनने वाले जिले में कन्नौज, औरैया तथा मैनपुरी क्षेत्र को जोड़ा जा सकता है। लोगों की मांग है कि ताखा को नए जिले में शामिल न किया जाए। इसे इटावा में ही शामिल रखा जाए।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो 21 दिसंबर से आंदोलन को और तेज कर दिया जाएगा। लोगों का कहना है कि उन्हें इटावा जाने में परेशानी नहीं होती है। यदि नवसृजित जिले में शामिल किया गया तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
नवसृजित जिला मुख्यालय सैफई जाने के लिए ताखा से कोई सीधा रास्ता नही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम सुरेश शर्मा को सौंपा गया है। ज्ञापन देने वालों में सोवरन सिंह यादव, राधे श्याम यादव, बृजेश यादव, भगवान दास, राष्ट्रपति से पुरस्कृत शिक्षक अभिलाख सिंह यादव, केके यादव, आदि प्रमुख रहे।