इटावा। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन ने सोमवार को जंक्शन पर अखिल भारतीय मांग दिवस के तहत प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आठवें वेतन आयोग का लाभ जल्द देने और उसी के अनुरूप वेतन देने की मांग उठाई।
यूनियन के शाखा अध्यक्ष प्रेम मंडल ने बताया कि आठवें वेतन आयोग की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाए और संशोधित वेतन व भत्ते 1 जनवरी 2026 से लागू किए जाएं। उन्होंने पुराने और नए पेंशनरों के बीच हो रहे भेदभाव को समाप्त करने तथा सभी पेंशन योजनाओं में ओपीएस के समान सुविधाएं देने की मांग रखी।
कर्मचारियों ने बोनस भुगतान की सीमा 7000 रुपये समाप्त कर वास्तविक वेतन के आधार पर बोनस देने की मांग की। रनिंग स्टाफ के किलोमीटर भत्ते में 25 फीसदी वृद्धि और 70 फीसदी माइलेज को आयकर से मुक्त करने की भी मांग उठाई गई। साथ ही जीडीसीई का आयोजन कर कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में पदोन्नति का अवसर देने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा रेल कर्मचारियों के माता-पिता को पास सुविधा देने, रेल आवासों की मरम्मत कराने तथा जर्जर आवासों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आवास उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। कार्यकारी अध्यक्ष नरेश मीना, शाखा मंत्री दलेल सिंह, पूर्व शाखा मंत्री राम अवतार यादव, कोषाध्यक्ष पीएम मीना, उपाध्यक्ष विजय मंडल, सहायक महामंत्री आर के यादव, राहुल यादव, संयुक्त शाखा मंत्री विनोद यादव, उपाध्यक्ष यतेंद्र राजपूत मौजूद रहे।