साम्हों स्टेशन के निकट चटकी पटरी।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-हावड़ा रूट पर मंगलवार सुबह साम्हाें स्टेशन के निकट चटके ट्रैक को ठीक करने में रेलवे की टीम को कोहरे के कारण दो घंटे लग गए। टीम ने पहले ट्रैक को वेल्डिंग से ठीक कर खड़ी ट्रेनों को 30 किलोमीटर का कॉशन लगाकर निकाला। इसके बाद दोपहर में ब्लाक लेकर चटकी पटरी को पूरी तरह से बदलने का कार्य पूर्ण किया।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर साम्हों रेलवे स्टेशन के पास डाउन ट्रैक चटकने की जानकारी स्टेशन मास्टर को सिग्नल नबंर 504 के अचानक फेल होने से हुई। कंट्रोल पर मैसेज पास होते ही तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। डाउन लाइन के खंभा नंबर 1128/18 व 1128/16 के बीच पटरी टूटी मिली। इसके बाद बाद टीम ने ट्रैक की मरम्मत शुरू की। रेल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद सुबह 6:30 बजे ट्रैक को आवागमन के लिए दुरुस्त कर दिया। डाउन ट्रैक पर दोपहर के समय कोई ट्रेन न होने पर दोपहर 2:40 बजे ट्रैक पर ब्लाक लेकर फिर से कार्य शुरू किया गया और टूटी पटरी को बदलकर ठीक किया गया।