प्रदेश सरकार में पीडब्लूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आधुनिक कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया। साथ ही पुलिस लाइन में बनने वाले गेस्ट हाउस का शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा में गलत काम करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि आधुनिक कंट्रोल रूम के बनने से अपराधों पर अंकुश लगेगा। यहां लगे सिस्टम से शहर की गतिविधियों का पता चलता रहेगा।
कंट्रोल रूम में बैठकर डयूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही की जानकारी भी मिलती रहेगी। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वह सही शिकायतें पुलिस से करें। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी का सगा नही होता है। उनसे सावधन रहने की जरूरत है। अराजक तत्वों की गोपनीय तरीके से पुलिस से शिकायत करें।
अपराध सहन करने व अपराधी के बारे में जानकारी न देने से ही उनके हौसले बढ़ते हैं। इससे पूर्व उन्होंने कंट्रोलरूम का निरीक्षण कर उससे जुड़े सिस्टम के बारे में भी जानकारी ली।
लोकार्पण समारोह में एएसपी महात्मा प्रसाद, सीओ सैफई अरुण दीक्षित, सीओसिटी शिवराज सिंह, सीओ ट्रैफिक चंद्रदेवयादव सीओ विनय चौहान के अलावा पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया सीडीओ डा. अशोक चंद्र, पीआरओ राधामोहन द्विवेदी पूर्व निरीक्षक राम नाथ सिंह यादव, प्रबंधक संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।
लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव के पुलिस लाइन पहुंचने पर डीएम डा. नितिन बंसल और एसएसपी मंजिल सैनी ने उनका बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके साथ ही विधायक प्रदीप यादव, सुखदेवी वर्मा, राज्यमंत्री केपीसिंह चौहान व डीआईजी नीलाब्जा चौधरी का स्वागत भी किया गया।