ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के रम्पुरा पचार गांव में एक रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने आया युवक कार का एसी चलाकर सो गया। उसकी कार में ही दम घुटने से मौत हो गई।
कानपुर देहात के करबक गांव निवासी राकेश कुमार कमल का बेटा विनोद रनियां स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। वह रूरा कानपुर देहात निवासी साले रमेश चंद्र के साथ उसकी ससुराल ऊसराहार क्षेत्र के रम्पुरा पचार गांव एक शादी समारोह में शामिल होने आया था।
शुक्रवार रात वह किराये की जिस कार से आया था, उसका एसी चला कर सो गया। करीब तीन घंटे बाद बरात निकाली, तो कार चालक व रमेश ने विनोद को जगाने का प्रयास किया, लेकिन विनोद के शरीर में हरकत न देख वह घबरा गए।
उसे आनन-फानन में सीएचसी लेकर गए। जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद विनोद को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर विनोद के घरवाले मौके पर पहुंचे लेकिन किसी पर किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है।
थाना प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि बरात निकलने से पहले विनोद व उसके साले ने क्षेत्र के एक ठेके से देसी शराब लेकर पी। इसके बाद कुछ खाया।
इसके बाद विनोद कार्यक्रम में शामिल होने व कार चालक गांव में घूमने के लिए निकल गया। जबकि, नशा अधिक होने की वजह से विनोद कार में एसी चलाकर सो गया था।