फोटो संख्या 12 कस्बा लखना स्थित भोगनीपुर नहर में एक अज्ञात अधेड़ का शव बरामद हुआ
- फोटो : ETAWHA
भोगनीपुर नहर में शुक्रवार सुबह लापता मजदूर का शव उतराता मिला। सिर में चोट के निशान से आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को फेंका गया होगा। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
लखना कस्बा के पास ककरैया गांव निवासी विमल कुमार दोहरे (45) मजदूरी करता था। विवाद की वजह से उसकी पत्नी कई महीने से बच्चों के साथ औरैया स्थित मायके में रह रही है।
विमल इकदिल के मानिकपुर विसू गांव निवासी बहन गीता के घर रहता था। विमल गुरुवार शाम अचानक घर से लापता हो गया था।
बहन का परिवार उसकी तलाश में जुटा था। उसके नशे की आदत और कई बार इसी तरह गायब होने की वजह से परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
शुक्रवार सुबह कहारान मुहाल के लोगों ने भोगनीपुर निचली गंगानहर में शव बहते हुए देख लखना चौकी पुलिस को सूचना दी।
बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह और चौकी प्रभारी प्रशांत द्विवेदी पुलिस के साथ पहुंचे और शव को नहर से निकलवाया। बाद में सीओ भरथना आलोक प्रसाद और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।
शव के माथे पर चोट का निशान और बालों में खून लगा हुआ था। जानकारी पाकर घरवाले पहुंचे तो शव की शिनाख्त हुई।
कयास लग रहे थे कि हत्या कर शव को नहर में फेंका है। बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि विमल शराब पीने का आदी था। संभव है कि शराब के नशे में जाते समय नहर में फिसल कर गिर गया होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति साफ हो जाएगी।