बसरेहर (इटावा)। थानाक्षेत्र के अकबरपुर गांव के बसरेहर-बैदपुरा मार्ग पर सड़क के किनारे लगे पेड़ से एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने रंजिश में हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाते हंगामा किया। पुलिस युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
थानाक्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी रामदास का बेटा लवकुश (22) का शव मंगलवार को खेतों की तरफ जा रहे किसानों ने सड़क किनारे पेड़ पर लटका हुआ देखा। इसकी जानकारी लवकुश के परिजनों और पुलिस को दी। थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही परिजनों हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर थाना प्रभारी ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए। पुलिस ने मामले की जांच कराने का भरोसा देकर मामला शांत कराया।
थाना प्रभारी ने बताया है प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
लवकुश विकलांग था। वह दूसरों की खेती बटाई पर लेकर सब्जियां उगा कर बाजार में बेचता था। उसकी पैंट की जेब से करीब चार हजार रुपये और मोबाइल मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पहले की थी मारपीट की शिकायत
लवकुश ने 22 फरवरी को पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी जयप्रकाश सिंह को अर्जी देकर बताया था कि वह गांव के ही एक व्यक्ति के यहां छह हजार रुपये महीने पर नलकूप पर चौकीदारी का काम करता था। 10 फरवरी को उसने पगार मांगी तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। उसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
घटनास्थल पर निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी- फोटो : ETAWAH