इटावा। नवरात्र की अष्टमी पर श्रद्धालुओं ने दिन मां महागौरी की पूजा की। छोटी कन्याओं का पूजन कर भोजन कराया। श्रीकालीबाड़ी मंदिर में दक्षिणेश्वरी काली का फूलों से शृंगार कर 56 भोग लगाया गया। काली बांह मंदिर में झंडा चढ़ाने श्रद्धालु डीजे की धुन पर गुलाल उड़ाते हुए पहुंचे।
माता के दरबार के अलावा राम दरबार, सिद्धि विनायक भगवान गणेश, भगवान राधा- कृष्ण, मंदिर परिसर में बने शिव शक्ति मंदिर में माता नवदुर्गा, द्वादश ज्योतिर्लिंग, साईं बाबा, संत जगदीशानंद महाराज व स्वामी आत्मानंद महाराज की प्रतिमा व समाधि को भी फूलों से सजाया गया।
बकेवर संवाद के अनुसार अष्टमी के मौके पर कालिका मंदिर में उमड़ी भीड़ की वजह से लखना- बकेवर मार्ग पर पूरे दिन जाम जैसी स्थिति बनी रही। मंदिर में झंडा व घंटा चढ़ाने व तपती धूप में दंडवत करके श्रद्धालु आते रहे।
मंदिर में कानपुर, कानपुर देहात,मैनपुरी, औरैया, फिरोजाबाद आगरा, मथुरा, उन्नाव, लखनऊ आदि जिलों के श्रद्धालुओं ने भी आकर माथा टेका। भंडारे वितरण भी पूरे दिन किया गया।