इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर रामबिहारी शाला के पास तेज गति से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के विरोध में मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। सीओ सैफई ने समझा बुझाकर बमुश्किल दो घंटे बाद जाम खुलवाया।
नगला बाबा निवासी पिंकी (32) पुत्र जीतराम मंगलवार को किसी काम से बसरेहर गया था। शाम को वह वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह रामबिहारी शाला के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे युवक उसकी चपेट में आ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ हाइवे पर जमा हो गई। जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने मुआवजा की मांग को लेकर हाइवे पर जाम लगा दिया। छह बजे लगा जाम दो घंटे बाद करीब आठ बजे के आसपास सीओ सैफई अरुण कुमार दीक्षित के आश्वासन पर खुला।
दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को ट्रक सहित पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर पकड़ लिया। वहीं ऊसराहार-भरथना मार्ग पर बहादुरपुर नाला की पुलिया तथा समथर बंबा की पुलिया के बीच ट्रैक्टर और पिकअप के बीच टक्कर हो गई। हादसा मंगलवार की शाम करीब 7.30 बजे हुआ।
ट्रैक्टर की टक्कर लगने से पिकअप असंतुलित होकर पुलिया पर रैलिंग न होने के कारण खाई में जा गिरी। हादसे में पिकअप में सवार बकरी व्यापारी मुकेश, रोहित निवासीगण इलावांस मैनपुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक अन्य व्यक्ति सूरज को भी चोटें आई हैं।
तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया। पिकअप के चालक श्यामवीर निवासी इलावांस ने बताया किे वह बकरियां बेचने के लिए उरई जा रहा था। सूचना मिलने पर ऊ सराहार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। ट्रैक्टर ट्राली को एक किनारे कर आवागमन चालू करा दिया गया।