लक्ष्मी की फाइल फोटो। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के पचावली गांव में बुधवार की रात घर में सो रहीं दो बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर वालों ने ननिहाल से मिली 50 बीघा जमीन पर निगाह लगाए रिश्तेदारों को साजिश का आरोपी बताते हुए छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घर में अन्य परिजनों की मौजूदगी में दो अलग-अलग मंजिलों पर गोली से हत्या किए जाने के बाद भी हत्यारों के निकल भागने के पहलू पर ठिठकी पुलिस वारदात के पीछे के अन्य संभावित कारणों पर भी जांच कर रही है।
वारदात के केंद्र में है पचावली गांव निवासी खुशीलाल का घर। फिरोजाबाद के सिरसागंज थानाक्षेत्र के भावली गांव में ब्याही खुशीलाल की बेटी सुशीला देवी ने पति करन सिंह की मौत के बाद वर्ष 1995 से पिता के घर को भी अपना ठिकाना बना लिया था। वह चार बेटे और तीन बेटियों के साथ पचावली स्थित पिता के घर रहने लगी थीं। इकलौती संतान होने के कारण खुशीलाल ने अपनी 50 बीघा जमीन भी बेटी सुशीला के नाम कर दी थी।
बुधवार की रात सुशीला अपनी विवाहित बेटी सुनीता (45) के साथ घर के भूतल पर स्थित कमरे में सो रही थीं। छोटी बेटी लक्ष्मी (19) दूसरी मंजिल पर बने कमरे भाई संजय कुमार के साथ हो रही थी। अन्य कमरों में सुशीला के बेटे अवनीश, निर्मल, प्रमोद सो रहे थे। संजय का कहना है कि रात एक बजे के आसपास छत के रास्ते घर में घुसे बदमाशों ने उसके कमरे में सोई लक्ष्मी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद सीढ़ियों से नीचे उतर कर मां के साथ सो रही सुनीता को गोली से उड़ा दिया। सुनीता के भी सिर में गोली लगी है। संजय के मुताबिक गोली की आवाज से जाग कर उसने शोर मचाया लेकिन बदमाश दोनों बहनों की जान लेकर भागने में कामयाब हो गए।
संजय ने पड़ोस में रह रहे रिश्तेदार नीतू, उमाशंकर, किशन, छंगे, हरीशंकर और धर्मेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका कहना है कि नाना से मिली 50 बीघा जमीन को लेकर इन आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा है। इस विवाद के कारण इन्हीं लोगों ने हमलाकर दोनों बहनों की जान ली है। फ्रेंड्स कॉलोनी के प्रभारी निरीक्षक की शुरुआती जांच के बाद एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी रामयश सिंह भी मौके पर पहुंचे। एएसपी का कहना है कि पुलिस की जांच में जमीन के विवाद के साथ-साथ अन्य पहलुओं पर भी गौर किया जा रहा है।
--------