भरथना थाना क्षेत्र के गांव वैशौली भानपुर से बुधवार की रात कार में सवार होकर आए दबंगों ने एक व्यक्ति को अगवा कर लिया। आरोप है कि दबंग घर से खेत बेचने के बाद प्राप्त हुए सवा दो लाख रुपये भी लूट ले गए। खोजबीन के बाद जब गृहस्वामी का पता नहीं लगा तो पत्नी ने परिजनों के साथ एसएसपी से मुलाकात करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
वौशैली भानपुर निवासी हाकिम सिंह की पत्नी विजमा देवी ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति ने दस फरवरी को अपने खेत बेचे थे। बिक्री पर उसे 2.20 लाख रुपये मिले थे। उक्त रकम उसके घर में रखी हुई थी। बुधवार की रात करीब दो बजे गांव के गांव के कुछ लोग कार में सवार होकर आए और दरवाजा खटखटाया।
जब उसने दरवाजा खोला तो उक्त लोग अंदर घुस आए और असलहे के बल पर उसके पति को बंधक बनाकर बाहर ले आए। उक्त लोगों ने चिल्लाने पर जानमाल की धमकी दी। उक्त लोग पति को कार में डाल ले गए। घर के अंदर बक्से के ताले तोड़कर उसमें रखे 2.20 लाख रुपये भी लूट ले गए।
महिला का कहना है कि उक्त लोग उसके पति की जमीन का बैनामा कराकर उसकी हत्या भी कर सकते हैं। गुरुवार को पीड़िता ने एसएसपी डॉ. राकेश सिंह को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि महिला के शिकायतीपत्र पर उन्होंने थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा है। थानाध्यक्ष बलवीर सिंह यादव ने बताया कि थाने में महिला नहीं आई थी। उसने एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।