जसवंतनगर और बकेवर क्षेत्र में हुए सड़क हादसोें में एक हाईवे कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना में बाइक सवार युवक को किसी वाहन रौंद दिया। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए था। जसवंतनगर क्षेत्र में बृहस्पतिावर सुबह 9 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम कैस्त के सामने हाईवे का चौड़ीकरण करा रही कंपनी के कर्मचारी को अनियंत्रित ट्रक ने रौद डाला। उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
बृहस्पतिवार को इटावा निवासी लालू सिंह (28)हाईवे किनारे नापजोखकर रहे थे। इसी बीच कानपुर की ओर जा रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कंपनी के सैकड़ों कर्मचारी व अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना करने वाला ट्रक बाद में बकेवर पुलिस ने पकड़ लिया है।
बकेवर प्रतिनिधि के अनुसार सिक्सलेन हाईवे पर धौरखा गांव के सामने सड़क पार करते समय महिला की साड़ी बाइक में उलझने से बाइक सवार सड़क पर गिरा पड़ा। इसी बीच पीछे से आ रहे एक वाहन ने उसे कुचल दिया। बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बुधवार की शाम ग्राम धौरखा थाना लवेदी निवासी जय देवी पत्नी नेकराम इटावा से टेंपो पर सवार होकर अपने गांव आ रही थी। हाईवे से अपने गांव के संपर्क मार्ग के सामने टेंपो से उतर कर अपने गांव जाने के लिए सड़क पार करने लगी।
तभी बकेवर की ओर से आ रहे इकदिल थानाक्षेत्र के दामोदरपुर निवासी रंजीत (35) पुत्र बांकेलाल की बाइक में उसकी साड़ी उलझ गई। इससे जय देवी और रंजीत नेशनल हाईवे पर ग्राम धौरखा के सामने सड़क पर गिर पड़े। पीछे से बकेवर की ओर से तेज गति से आ रहे एक वाहन ने रंजीत को कुचल दिया। रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, दूसरा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।