हाईवे पर उझियानी के सामने एक ट्रक ने शौच करके घर जा रहे युवक को रौंद दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर अंडरपास बनवाने की मांग कर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर करीब सवा घंटे बाद ग्रामीण मार्ग से हटे।
ग्राम उझियानी निवासी प्रवीण उर्फ मोनू राठौर (22) पुत्र नाथूराम राठौर सोमवार सुबह 7:30 बजे घर से शौच के लिए हाईवे पार करके खेतों में गया था। वापस आते समय हाईवे पर औरैया की ओर से आ रहे एक ट्रक ने प्रवीण को रौंद दिया। हादसे में प्रवीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण हाईवे की ओर दौड़ पडे़।
ग्रामीणों ने हाईवे पर दोनों ओर गांव के रास्ते के सामने पुलिया की मांग कर जाम लगा दिया। उन्हाेंने हाईवे पर अंडरपास बनाने और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। थानाध्यक्ष बकेवर भोलू सिंह भाटी, महेवा चौकी इंचार्ज अलाउद्दीन अंसारी मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। उन्हाेंने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मांग पर अड़े रहे। थानाध्यक्ष के उचित कार्रवाई के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद बाद जाम खुल सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ट्रक चालक भाग गया। लोगों ने ट्रक का नंबर नोट कर पुलिस को दिया है।