सेंगर नदी के पास झाड़ियों में पड़े मिले गेहूं के बोरे। अमर उजाल
- फोटो : amar ujala
इटावा से कानपुर जा रहा ही मालगाड़ी का प्रेशर डाउन कर उसे इकदिल-भरथना रेलवे स्टेशन के मध्य रोक लिया और एक बोगी से गेहूं बोरियों को झाड़ियों में फेंक दिया। भनक लगते ही गार्ड ने चिल्लाया तो बदमाश भाग गए। आरपीएफ की टीम ने मौके से 89 गेहूं के बोरे बरामद किए हैं। हालांकि अभी इसका अनुमान नहीं लगाया जा सका है कि आखिर बदमाश कितने बोर ले जा सके हैं। आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इकदिल रेलवे स्टेशन के डाउन लूप लाइन में मालगाड़ी इकदिल स्टेशन को गुरुवार रात 9 बजकर 05 मिनट पर भरथना की ओर रवाना हुई। लेकिन मालगाड़ी के डिब्बों के बीच में सवार बदमाशों ने सेंगर नदी पुल के पास प्रेशर लीक कर दिया। इससे मालगाड़ी की स्पीड धीमी हो गई। इंजन से चौथी बोगी की सील तोड़कर उसमें भरी गेहूं की सैकड़ों बोरियां को नीचे फेंक दिया। मालगाड़ी के रुकते ही गार्ड ने जब जांच की तो गेहूं की बोरियां ट्रैक के किनारे पड़ी हुई थीं। गार्ड ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। तभी मौके पर डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची आरपीएफ टीम ने आसपास क्षेत्र में चेकिंग की। 89 गेहूं की बोरियों को झाड़ियों से बरामद किया गया।
मालगाड़ी रात 9 बजकर 35 मिनट पर भरथना रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद उसे डिब्बे को दोबारा सीज करके रात 10 बजकर 35 मिनट पर रवाना कर दिया गया। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षण विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि मालगाड़ी की बोगी से गेहूं चोरी होने की सूचना पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने 89 बोरे झाड़ियों से बरामद कर लिए है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मालगाड़ी की बोगी में कितने बोरे रखे थे। इसकी छानबीन चल रही है। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।