मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी देतीं जज दीपा जैन।
- फोटो : अमर उजाला
जसवंतनगर (इटावा)। शिवा पेट्रोल पंप के पास कार से जा रही महिला जज का बाइक सवार टप्पेबाजों ने बैग पार कर दिया। बाइक सवार उचक्के काफी दूर से वाहन का पीछा कर रहे थे। टप्पेबाजों ने इशारों से यह कहकर कार रुकवाई थी कि तेल टपक रहा है। ड्राइवर के उतरते ही टप्पेबाज महिला जज का बैग लेकर भाग गए। ड्राइवर ने जसवंतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस टप्पेबाजों की तलाश कर रही है।
नोएडा निवासी दीपा जैन पत्नी अनिल जैन का स्थानांतरण हमीरपुर से बुलंदशहर अपर जनपद न्यायाधीश अनुसूचित जाति/जनजाति के पद पर हुआ है। वह वहां चार्ज लेने गई थीं। शनिवार की सुबह वे हमीरपुर अपना समान लेने के लिए कार से जा रही थीं। कटफोरी के समीप पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लिया तथा फ्रेश होने के लिए रुक गईं। इसके बाद कार आगे बढ़ी तो बाइक सवार दो युवक उनके पीछे लग गए। वह वाहन से तेल गिरने की बात कहने लगे, जिस पर उन्होंने शिवा पेट्रोल पंप के समीप दोपहर लगभग 2 बजे पर वाहन को रोका और ड्राइवर ने बौनट खोलकर देखा तो सब ठीक था। इसी बीच न्यायाधीश दीपा भी वाहन से उतरकर पानी पीने लगीं तभी उनकी कार में रखा बैग बाइक सवार उचक्के उड़ा ले गए। जज दीपा जैन से बताया कि उनके पर्स में 35 हजार रुपये, डीएल, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र, पेन ड्राइव व पर्सनल डायरी भी थी। चालक विक्रम सिंह निवासी सिकंदरा बुलंदशहर ने जसवंतनगर थाना में मामले की जानकारी देकर मामला दर्ज कराया है।