विनीत बिहार कालोनी में चोरी के बाद अलमारियों में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला विनीत विहार कालोनी में गुरुवार की रात को चोरों ने एक शिक्षिका के सूने मकान का ताला तोड़ करीब 50 लाख के जेवर व नगदी चुरा लिए। मोहल्ले के लोगों ने ताले टूटे देख मकान मालिक को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फारेंसिक टीम व डाग स्क्वायड ने मौके पर पहुंच कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
क्षेत्र के मोहल्ला विनीत विहार कालोनी में प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ऊषा सिंह का मकान है। वह अपने पुत्र रोबिन सिंह व पुत्रवधू के साथ रहती हैं। दो दिन पूर्व अचानक ऊषा सिंह की तबियत खराब होने पर परिवार के लोग इलाज के लिए उन्हें लेकर दिल्ली चले गए। घर में ताला लगा था। गुरुवार रात चोरों ने ताला तोड़ कर आलमारी में रखे जेवर, नगदी व अन्य सामान बटोर लिया। सुबह घर का ताला खुला देख पड़ोसियों ने सूचना दी। इस पर भरथना में रहने वाली शिक्षिका की बेटी निधि मौके पर पहुंची।
सारा सामान गायब देख वह बेहोश हो गईं। कुछ देर बाद एसओ जेपी पाल भी मौके पर पहुंचे। उन्हाेंनं डॉग स्कॉट प फोरेंसिक टीम को बुलाकर सुराग लगाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिला। निधि ने बताया कि अभी हाल ही में उसके भाई राबिन की शादी हुई थी । घर में उनकी भाभी के जेवर के अलावा उनका एवं उनकी मम्मी का जेवर रखा था। वह चोर चुरा ले गए। उन्होंने बताया चोर उनके घर से करीब 50 लाख के जेवर 15 हजार रूपया नकद व अन्य सामान चुरा ले गए। इस संबंध में उन्होंने थाने में तहरीर दी है। सीओ शिवराज ने बताया कि तहरीर मिल गई है। चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए गए हैं।