बख्तियारपुरा गांव में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वैन। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
चौबिया थाना क्षेत्र के इटावा-किशनी मार्ग पर गांव बख्त्यिारपुरा के पास रविवार की सुबह वैन गड्ढे में जाने से बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि चालक व एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के गांव सिंगनी निवासी भूरे (24) पुत्र रामेश्वर दयाल की गांव में सब्जी की दुकान है। रविवार सुबह वह सब्जी खरीदने के लिए इटावा आया था। सब्जी लाने के लिए वह गांव के ही लालू पुत्र राम किशोर की वैन किराये पर लाया था। साथ में गांव का ही अमन पुत्र नवीन चंद्र मौजूद था। भूरे ने इटावा मंडी से सब्जी खरीदी और वैन में रखकर गांव के लिए रवाना हुआ। रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जब उसकी कार चौबिया थाना क्षेत्र के गांव बख्त्यिारपुरा के पास पहुंची। तभी गड्ढे को बचाने के प्रयास में वैन बेकाबू हो गई।
चालक लालू ने वैन को नियंत्रित करने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सका। अनियंत्रित वैन सड़क के किनारे खडे़ शीशम के पेड़ से टकरा गई। वैन के टकराने से सभी लोग उसमें फंस गए। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने वैन में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। लोगों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर एसओ चौबिया सतीश यादव मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे लोगों को बाहर निकलवाकर उन्हें सीएचसी भिजवाया।
जहां डाक्टरों ने भूरे के मरने की पुष्टि कर दी। दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सैफई के मिनी पीजीआई भेज दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर भूरे के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। भूरे के शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।