रोडवेज तिराहा पर पुलिस और प्रशासन की लापरवाही से डग्गामार वाहनों की धमाचौकड़ी फिर से शुरू हो गई है। मंगलवार की शाम डग्गामार वाहन के संचालक ने दिल्ली जा रही रोडवेज की बस से जबरन सवारियां उतार लीं।
परिचालक ने जब इसका विरोध किया तो दबंग वाहन संचालक ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं है। घटना से आक्रोशित रोडवेज बस स्टैंड तिराहा पर बसों को आड़ा-तिरछा खड़ा करके जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
इटावा डिपो का परिचालक रामनरेश पुत्र राजवीर सिंह निवासी चिरैयापुर जिला औरैया मंगलवार की शाम करीब छह बजे रोडवेज बस में सवारियां भरकर बस स्टैंड से दिल्ली के लिए निकला था। जैसे ही वह बस स्टैंड तिराहा पर पहुंचा तभी डग्गामार बस के संचालक ने बस रोक ली और सवारियों को उतारने लगा।
परिचालक रामनरेश ने विरोध किया तो दबंग संचालक हमलावर हो गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर परिचालक की पिटाई कर दी। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि चौराहा पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक के एक सिपाही ने भी डग्गामार वाहन संचालक का साथ दिया।
यह खबर जैसे ही बस स्टैंड पर पहुंची तो रोडवेज कर्मी तिराहा की ओर दौड़ पड़े। रोडवेज कर्मचारियों ने बसों को बस स्टैंड तिराहा पर आड़ा तिरछा खड़ा करके जाम लगा दिया। साथ ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसी बीच क्षेत्रीय प्रबंधक इटावा परिक्षेत्र एनएस यादव भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी पुलिस के साथ ही आला अधिकारियों को दी। साथ ही घायल परिचालक को अस्पताल ले गए। सूचना के बाद कोतवाल विनोद सिंह यादव के अलावा सिविल लाइन व इकदिल थाना पुलिस के साथ ही क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची।
कोतवाल ने कर्मचारियों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग पर अड़े रहे। रोडवेज इंप्लाइज यूूनियन के अध्यक्ष बृजेंद्र यादव ने कहा कि आए दिन डग्गामार वाहन संचालक रोडवेज कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हैं। वहीं पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता है।
डग्गामार संचालक शासन के निर्देशों की धज्जियां उड़ाकर रोडवेज बस स्टैंड के पास से ही सवारियां भरते हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी मूकदर्शन बनकर तमाशा देखती रहती है। बाद में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके डग्गामार वाहन संचालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद डेढ़ घंटे बाद शाम करीब साढ़े सात बजे जाम खुल सका।