थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर गांव बुढ़ैला के पास बाइक से आ रहे एक दंपति को एक अन्य बाइक पर सवार लुटेरे ने खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही बता कर लूट लिया। नगदी जेवर लूटने के बाद वह भाग निकला। बाद में पीड़ित ने थाने जाकर इसकी शिकायत की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस लुटेरे की तलाश कर रही है।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव घनश्याम पुरा निवासी राकेश कुमार पुत्र राम सनेही बुधवार को पत्नी ब्रह्मा देवी के साथ बाइक से रिश्तेदारी में इटावा के जा रहा निकला था। दोपहर करीब दो बजे जब वह हाईवे पर गांव बुढै़ला के पास पहुंचा। तभी बाइक पर सवार एक लुटेरे ने अपने को क्राइम ब्रांच का सिपाही बताकर रोक लिया। बाइक सवार ने राकेश से गाड़ी के कागजात मांगे। राकेश कागजात दिखाने लगा। इसके बाद उसने उसकी पत्नी ब्रह्मा देवी से कहा कि इतने जेवर पहन कर चल रही है। जेवर उतारों राकेश व ब्रह्मा देवी उसके झांसे में आ गए। ब्रह्मा देवी ने अपने गले में पड़ा मंगलसूत्र, चेन, कानों के झाले, सात अंगूठी व सात हजार रुपये उसे दे दिए।
वह कुछ समझ पाते बाइक सवार लुटेरा जेवर-नगदी लेकर भाग निकला। लूट का शिकार हुए राकेश ने बाद में शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जानकारी की। लोगों ने भी लुटेरे को तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बाद में वह थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने बताया कि क्राइम ब्रांच का सिपाही बताकर लुटेरा उसके पास से करीब दो लाख के जेवर व नगदी लूट ले गया है। घटना की तहरीर दे दी गई है। प्रभारी एसओ महेंद्र गौतम ने बताया कि तहरीर मिली है पुलिस छानबीन कर रही है।