चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव नगला पंछी के पास पैदल स्कूल जा रहे छात्र को ऑटो ने टक्कर मार दी। इससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई। चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया है।
शेखूपुर पचार गांव निवासी अर्जुन सिंह का 15 वर्षीय पुत्र नीतेश कुमार पास के ही नगला पंछी गांव स्थित चौधरी सोने लाल मालती देवी इंटर कालेज में कक्षा दस का छात्र था। इस समय स्कूल की अर्ध वार्षिक परीक्षाएं चल रही है। सोमवार की सुबह आठ बजे वह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। जब वह गांव नगलापंछी के पास ही पहुंचा था तभी पीछे से तेज गति से आ रहे आटो के चालक ने छात्र को टक्कर मार दी। इससे वह मुंह के बल गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़कर भाग गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।