लोहिया पर्यावरणीय पार्क (कंपनी गार्डन) को आकर्षक रूप देने के लिए पौधों और लताओं से जानवरों की टोपेरी तैयार की जाएगी। पार्क के किसी लॉन में जिर्राफ खड़ा दिखाई देगा तो किसी में गाय, भालू और शेर। साथ ही यहां प्रतिदिन आने- जाने वाले लोगों क ी बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी लॉनों में चबूतरे का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है। यह कार्य पूरा होने के बाद कंपनी गार्डन नए लुक में एक पिकनिक स्पाट के रूप में दिखाई देगा।
शहरवासियों के घूमने फिरने व बच्चों की मौज मस्ती के लिए एकमात्र कंपनी गार्डन को उद्यान विभाग ने और आकर्षक बनाने की तैयारी की है। इसके लिए जिला स्तर पर अपने संसाधनों से विभाग ने एक दर्जन टोपेरी लगवाने की तैयारी की है।
यह टोपेरी विभिन्न पशुओं के आकार की होंगी, जिसमें पांच से छह फुट की गाय, भालू, घोड़ा, भेड़ व शेर के साथ 10 फुट ऊंची जिराफ की टोपेरी शामिल हैं, इन्हें पार्क के अलग अलग लॉन में शिफ्ट कर इनके अंदर बेल व अन्य घने पौधों को रोपा जाएगा और जब यह बनकर तैयार होंगे तो पार्क में पौधों से तैयार इन जानवरों की आकृति जगह जगह खड़ी दिखाई देंगी। यह टोपेरी बच्चों को तो अपनी ओर आकर्षित करेंगी ही, साथ ही सुबह शाम बड़ी संख्या में घूमने पहुंचे लोगों को लुभाएंगे।
जिला उद्यान अधिकारी धर्मपाल यादव ने बताया कि मेरठ से दो दर्जन जानवरों की आकृति के ढांचे मंगाए जा चुके हैं और जल्द ही इन्हें पार्क के विभिन्न स्थानों पर टोपेरी तैयार करने के लिए लगा दिया जाएगा। बताया कि टोपेरी को पूरी तरह से तैयार होने में छह से 12 माह तक का समय लगता है।
तीन बड़े चबूतरों का निर्माण कार्य हुआ शुरू- इटावा। कंपनी गार्डन के तीन लंबे चौडे़ लॉन में चबूतरे बनाने का कार्य शुरू किया जा चुका है। इन लंबे चौड़े चबूतरों का निर्माण यहां प्रतिदिन आने- जाने वाले सैकड़ों लोगों के लिए किया जा रहा है। लॉन में बैंचों के साथ अब लोग इन चबूतरों पर बैठक र हरियाली के बीच फुरसत के पल गुजार सकेंगे। इन पक्के चबूतरों पर लाल पत्थर लगाया जा रहा है, जो पार्क को एक नया लुक देगा।
मुख्य लान के बीच में लगेगी भारी भरकम घड़ी- इटावा। कंपनी गार्डन के मुख्य सबसे बड़े लान के बीच में चबूतरे का निर्माण किया जा रहा है। इस चबूतरे के सेंटर में एक ऊंचा सीसी पिलर बनाया गया है इस पिलर पर एक बड़ी घड़ी स्थापित की जाएगी। यह घड़ी यहां भोर से ही आने वाले लोगों को दूर से ही समय बताएगी।