समाजवादी गढ़ में अपराधियों के बुलंद हौसले की एक नजीर शनिवार रात को देखने को मिली। चोरों ने यहां समाजवादी पार्टी के नेता का घर भी नहीं छोड़ा। समाजवादी लोहियावाहिनी के नगर अध्यक्ष के घर से जेवर नकदी समेत एक लाख कीमत का माल समेट ले गए।
जैन बाजार मोहल्ला में धनसिंह शंखवार पुत्र दुर्जन सिंह परिवार के साथ रहते है। उन्होंने बताया कि चोर रात में छत पर चढ़े और पास में ही रखे झंडा लगे बांस को उतार लिया। इसके बाद चोरों ने कील मोड़कर उसे बांस में लगाकर छत पर पड़े जाल से दरवाजे में लगी चटकनी को खोल लिया। इसके बाद चोर मकान में घुसकर संदूक उठा ले गए।
गृहस्वामी के मुताबिक, चोरों ने सोने के कुंडल, चार अंगूठी, चांदी की करधनी, खडुआ और तोड़ियां सहित 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। गृह स्वामी के पुत्र लोहिया वाहिनी के नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया कि सुबह करीब छह बजे जगने के बाद उन्होंने कमरे में बिखरा सामान देखा। तब चोरी का पता चला।
दरवाजा खोलने में इस्तेमाल किया गया बांस व घर के पीछे महावीर वाटिका में खाली संदूक मिला। चोरी की सूचना पर एसएसआई सुधाकर मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
थाने में पीड़ित धनसिंह ने चोरी की तहरीर दी है। घटना स्थल पर मौजूद मोहल्लावासियों ने बताया कि आसपास होने वाले जुएं के कारण यहां फालतू लोगों का जमावड़ा रहता है। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह यादव से स्थानीय लोगों ने इस पर रोक लगाए जाने की मांग की।