सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट डालने पर दो दुकानदारों में विवाद हो गया। एक पक्ष की शिकायत पर एसएसपी ने सूचना पोस्ट करने वाले दुकानदार पर मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।
ऊसराहार निवासी सतेंद्र कुमार गुप्ता पुत्र राम भरोसे लाल गुप्ता ने बताया कि उनकी कस्बे में पेंट्स एवं हार्डवेयर की दुकान है। कस्बा निवासी लक्ष्मण उर्फ देवेश पुत्र जगदीश गुप्ता की भी पेंट की दुकान है। लक्ष्मण की दुकान का नकली पेंट मैनपुरी में पकड़ा गया था। रिपोर्ट मैनपुरी कोतवाली में दर्ज है।
सत्येंद्र ने बताया कि उनकी दुकान से प्रतिद्वंद्विता मानते हुए और गलत तरीके से बदनाम करने के लिए लक्ष्मण गुप्ता ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ पोस्ट डाल दी। इसका विरोध जताने पर लक्ष्मण गुप्ता ने पीटने की धमकी दी। सत्येंद्र गुप्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की तो उन्होंने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। थाना ऊसराहार में लक्ष्मण उर्फ देवेश गुप्ता के विरुद्ध आईटी एक्ट की धाराओं सहित जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल से जांच कराई जाएगी।