थाना क्षेत्र अंतर्गत कैस्त के समीप रंगदारी वसूलने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
सिक्सलेन बनाने वाली ओरियंटल कंपनी में बालू और गिट्टी ला रहे ट्रकों से रंगदारी वसूलने को लेकर शनिवार को दो पक्षों के बीच गोलियां चलीं थीं। प्रभारी थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि गोली चलाने वालों की पहचान हो गई है। जिसमें एक पक्ष से डंपी, पप्पू, भोलू पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी कैस्त, संजय भदौरिया उर्फ आशु पुत्र जमादार सिंह निवासी कटहरी, विजय सिंह पुत्र बच्चीलाल निवासी जुगौरा तथा विजयराम पुत्र सलेटी सिंह निवासी भीकनपुर शामिल हैं। दूसरे पक्ष से राजकमल यादव पुत्र भारत सिंह निवासी रेलमंडी, शिवमोहन उर्फ संजू बाबा पुत्र नेमसिंह यादव नई बस्ती रेलमंडी तथा अभिलाख उर्फ मिठाई लाल पुत्र रुआब सिंह निवासी नगला रामसुंदर तथा आधा दर्जन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने संजय भदौरिया, विजयराम तथा एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक एवं चौकी इंचार्ज निलंबित
इटावा। फायरिंग के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी वैभव कृष्ण ने प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह एवं चौकी इंचार्ज संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने मौके पर जाकर तथ्यों की जांच की। ये तथ्य प्रकाश में आया कि दोनों पक्षों में से एक पक्ष ने कंपनी के एक मैनेजर के साथ 21 मई को मारपीट की थी। जिससे मैनेजर के हाथ की हड्डी टूट गई थी। इस घटना के संबंध में थाना जसवंतनगर पर मुकदमा भी पंजीकृत किया गया। अभियोग के विवेचक एसआई संजीव कुमार ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। प्रभारी निरीक्षक जसवंतनगर जयवीर सिंह व चौकी प्रभारी कस्बा जसवंतनगर संजीव कुमार की लापरवाही एवं उदासीनता पाई गई। जिसके लिए इन दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया।