रिश्ते की बुआ के साथ आए दो युवकों ने बहाने से कमरे के अंदर महिला से बलात्कार कर उसका अश्लील वीडियो बनाया। चुप न रहने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना पुलिस ने महिला का मेडिकल कराया। रिश्ते की बुआ सहित दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया।
थानाक्षेत्र के गांव निवासी एक महिला ने शनिवार को बकेवर थाना पर पहुंच कर पुलिस को बताया कि 12 मई को भिंड मध्यप्रदेश से उसकी रिश्ते की बुआ उसके घर अपने साथ दो युवकों के साथ आई। घर पर वह अकेली थी। उसकी रिश्ते की बुआ ने उससे अपनी शादी का एलबम दिखाने को कहा। वह कमरे के अंदर शादी का एलबम लेने गई तभी दोनों युवक भी कमरे के अंदर आ गए और उसको दबोच लिया। दोनों ने रेप कर उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। चुप न रहने पर वीडियो वायरल कर देने और घर वालों को मारकर जबरन घर से उठा ले जाने की धमकी दी।
महिला की तहरीर पर थानाध्यक्ष बकेवर ने बुआ व उनके साथ आये दो युवकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। महिला का मेडिकल जिला अस्पताल कराया। महिला का पति बीमार है। जिसका दिल्ली में इलाज चल रहा था। उसका देवर उसे लेकर गया था। सास मानसिक रूप से विक्षिप्त है। बाकी परिवार में और कोई नहीं है।