चकरनगर कस्बे के नौगवां गांव में गुरुवार को करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। वह लाइन को जोड़ रहा था, हादसा हो गया। गुस्साएं लोगों ने शव रखकर हंगामा किया। साथ ही जाम लगाने की कोशिश की। सूचना पर एसडीएम व सीओ समेत दो थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया गया। प्रशासन ने मृतक के परिवारीजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हो सका।
गोपालपुरा गांव का रहने वाला अभिलाख सिंह(35) पुत्र छक्कीलाल भरेह सब स्टेशन पर प्राइवेट लाइनमैन था। ग्रामीणों ने बताया कि चकरनगर सब स्टेशन में बिजली के तारों के टूटने से नौगवां गांव की सप्लाई लड़खड़ा जाती है। इसको भरेह सबस्टेशन से जोड़ने के लिए लाइनमैन सुघर सिंह व अभिलाख सिंह गए थे। उन्होंने फोन करके सेट डाउन लिया गया। अचानक सप्लाई में करंट दौड़ने से अभिलाख करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। यह देख उसका साथी भाग गया। घटना की जानकारी राहगीरों ने गांव नौगवां के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र चौहान को दी। ग्रामीणों ने मौके पर पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जाम लगाने का प्रयास किया।
इसकी जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी चकरनगर इंद्रजीत सिंह व सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए मामले पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी। इसके बाद लोग माने। उपजिलाधिकारी चकरनगर इंद्रजीत सिंह ने बताया बिजली विभाग की लापरवाही से युवक की मौत हुई है। विभागीय अफसरों से बातचीत चल रही है। पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जाएगी। दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं,
सीओ पुलिस चकरनगर चंद्रपाल सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजन शिकायत देते हैं उसी के हिसाब से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उपजिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से बिजली विभाग के खिलाफ प्राइमरी विद्यालय नौगवां ने लिखित शिकायत की है। प्रधानाध्यापक नौगवां ब्रिजेंद्र कुमार का कहना है कि उनके द्वारा कई बार स्कूल की बिजली व्यवस्था सही करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। लेकिन, व्यवस्था ठीक नहीं की गई। स्कूल के पास एक तार जोकि काफी दिनों से स्पार्किंग करता है जिससे नौनिहालों को भी खतरा हो सकता है। इस पर भड़के उपजिलाधिकारी ने बिजली विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया है।